
तेनुघाट (ख़बर आजतक) : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर तेनुघाट के न्यू मार्केट स्थित दुर्गा मंदिर में नौ दिवसीय श्रीमद् देवी महापुराण भक्ति एवं ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह यज्ञ ब्रह्मलीन उर्मिला गुप्ता की पुण्य स्मृति में दिनांक 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित की गई है। यज्ञ का आयोजन प्रतिदिन संध्या 7 बजे से किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन मंत्री योगेंद्र प्रसाद के भाई चित्रगुप्त महतो झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य के द्वारा बातौर मुख्य अतिथि फिता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। ज्ञान यज्ञ के कथा वाचक श्री श्री 1008 श्री ब्रह्मचारी आशुतोष चैतन्य जी महाराज (त्रिदण्डी आश्रम, शंकराचार्य आश्रम, मध्य प्रदेश) हैं, जो अपने मुखारविंद से देवी भागवत की कथा का रसपान करा रहे हैं। कथा के दौरान मां दुर्गा के नौ रूपों, शक्ति उपासना और नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डाला जा रहा है। आयोजक दया शंकर गुप्ता ने बताया कि स्व. उर्मिला गुप्ता की स्मृति में यह आयोजन किया गया है ताकि क्षेत्र में भक्ति और धर्म का प्रचार-प्रसार हो। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन मंदिर पहुंच रहे हैं। भजन मंडली द्वारा भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। विशेष अतिथिक रूप में तेनुघाट ग्राम पंचायत मुखिया नीलम श्रीवास्तव उपस्थित रहे।



