
रांची: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने बुधवार को धुर्वा डैम स्थित विसर्जन स्थल एवं छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
महापौर और उपमहापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं नगर निगम की टीम को निर्देश दिया कि दोनों धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना रांची नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। नगर निगम की ओर से आगामी आयोजनों को देखते हुए घाटों की सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



