
रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल की उपस्थिति में हुई बैठक में जनजातीय समाज की संस्कृति, विरासत और विकास पर केंद्रित राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रस्ताव रखा, जबकि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक पूर्णिमा साहू ने इसका अनुमोदन किया।
आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और कल्याण के लिए कई पहल की गई हैं। उन्होंने विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रदेश प्रभारी गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि झारखंड के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा है। उन्होंने जनजातीय भाषा, लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण को जरूरी बताया।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनजातीय नायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान देना और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार के अवसर बढ़ाना आवश्यक है। प्रस्ताव में जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा की विरासत, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी पहलों का उल्लेख किया गया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और मीडिया प्रबंधन से जुड़ी अन्य बैठकों के माध्यम से भी पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया गया।



