
मांडर: ऐतिहासिक 40 पड़हा मुड़मा जतरा मेला को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार, 27 अक्टूबर की रात से मेले में चहल-पहल बढ़ने लगेगी। बुधवार, 28 अक्टूबर को भी श्रद्धालुओं और आगंतुकों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

मेला परिसर में दुकानों को सजाने और मनोरंजन के साधनों को व्यवस्थित करने का काम अंतिम चरण में है। मिठाइयों की दुकानें, खानपान के स्टॉल और विभिन्न प्रकार की जरूरतों से जुड़ी दुकानें तैयार की जा रही हैं। बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए कई तरह के झूले भी लगाए गए हैं। दुकानदार अपने-अपने स्टॉल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
आयोजकों और व्यवसायियों को उम्मीद है कि मंगलवार रात तक अधिकांश तैयारियां पूरी हो जाएंगी। मुड़मा जतरा मेला क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा आयोजन है। हर वर्ष यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इस बार भी मेले को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



