मांडर के टिको गांव में वारदात, आरोपी फरार; पुलिस कर रही तलाश

रांची: मांडर थाना क्षेत्र के टिको गांव स्थित एक डेयरी फार्म में गुरुवार देर रात जमीन विवाद को लेकर राम उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी कारु सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम उरांव और कारु सिंह के बीच पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात कारु सिंह हथियार लेकर डेयरी फार्म पहुंचा और राम उरांव के आने का इंतजार करने लगा। उनके वहां पहुंचते ही आरोपी ने गोली चला दी। गोली लगने से राम उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस जमीन विवाद समेत वारदात के अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।



