
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो ने जामताड़ा परिसदन में संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय बैठक कर संगठन विस्तार की रणनीति बनाई। बैठक में प्रमंडल के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान संगठन की स्थिति की समीक्षा के साथ 27 प्रखंड प्रभारियों की घोषणा की गई।
सुदेश महतो ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, सदस्यता अभियान का विस्तार करने और युवा इकाई को सक्रिय बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों में जल्द सम्मेलन आयोजित करने तथा जनसंपर्क बढ़ाकर जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। नवनियुक्त प्रभारियों से संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में नवंबर में प्रस्तावित संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों और रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। सुदेश महतो ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी सहित संथाल परगना के विभिन्न जिलों के पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।



