
रांची: आरयू की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को नवनियुक्त निदेशकों के साथ बैठक हुई। इसमें शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक समन्वय और विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के पुनर्गठन, अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट और मल्टीपल एंट्री-एग्जिट व्यवस्था लागू करने पर विचार हुआ। विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्लेसमेंट सेल को प्रशिक्षण, प्लेसमेंट एवं करियर विकास निदेशालय के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया।
इसके अलावा फिनिशिंग स्कूल, कौशल आधारित पाठ्यक्रम, साइबर सुरक्षा, बीबीए और बीसीए जैसे पाठ्यक्रमों के पुनर्गठन पर चर्चा हुई। उद्योगों के साथ समझौते, प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की नियुक्ति और विद्यार्थियों के लिए 12 सप्ताह के औद्योगिक प्रशिक्षण की व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया।



