Uncategorized

शानदार जिंदगी जीने के छह आयामों पर मंथन, लेखक नरेश विश्वकर्मा ने शुरू किया ‘शानदार जीवन अभियान’

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

बोकारो (ख़बर आजतक) : जिंदगी सिर्फ जीने का नाम नहीं, बल्कि उसे बेहतर, सार्थक और उद्देश्यपूर्ण बनाने की कला है। इसी सोच को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 21 नवंबर 2026 को बोकारो के जायका होटल में ‘शानदार जिंदगी जीने के छह आयाम’ पुस्तक को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान पुस्तक के लेखक नरेश कुमार विश्वकर्मा ने जीवन को बेहतर बनाने के छह महत्वपूर्ण आयामों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

लेखक ने कहा कि इस पुस्तक का उद्देश्य केवल पाठकों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि इसमें निहित विचारों और जीवनोपयोगी संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ ‘शानदार जीवन अभियान’ की परिकल्पना की गई है। उन्होंने कहा कि जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए विचारों के साथ-साथ व्यवहार और व्यक्तित्व में भी परिवर्तन जरूरी है।

इस अभियान के तहत भविष्य में जीवन विकास एवं व्यक्तित्व विकास को लेकर विभिन्न स्थानों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। युवाओं के लिए प्रेरणादायक कार्यक्रम, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कौशल विकास से जुड़े संवाद तथा परिवार और समाज में जीवन मूल्यों को आत्मसात करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। साथ ही पुस्तकालयों में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने की भी योजना है।

लेखक ने बताया कि प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की टीम तैयार कर इस अभियान को बोकारो से लेकर पूरे झारखंड और आगे प्रदेश स्तर तक विस्तारित करने की दीर्घकालिक योजना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नरेश कुमार विश्वकर्मा, अनीता देवी, जीवन जगन्नाथ, दिलीप कुमार मंडल, चिंतामणि महतो एवं दीपक कुमार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *