Uncategorized

अनीता देवी हत्याकांड: न्याय की मांग को लेकर एसपी से मिले आजसू-भाजपा नेता

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

बोकारो : बोकारो जिले के बेरमो स्थित पांच नंबर धौड़ा में चार माह की गर्भवती दलित महिला अनीता देवी की हत्या के मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कड़ा रुख अपनाया है। गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज तथा आजसू जिला अध्यक्ष सचिन महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मृतका के पति महेश भुईयां और उनके बच्चों के साथ बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना से मुलाकात की।


प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को पूरे मामले से अवगत कराते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। महेश भुईयां ने बताया कि उनकी पत्नी अनीता देवी जलावन के लिए कोयला चुनने गई थीं, जहां कथित रूप से कोयला माफिया संतोष साव के गुंडों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना स्थल पर अक्सर नशे में लोग रहते हैं और महिलाओं के साथ मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद जल्द अंतिम संस्कार का दबाव बनाकर मामले को दबाने की कोशिश भी की गई।
सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि एसपी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठन का आश्वासन दिया है। इस दौरान मुकेश राय, संजय त्यागी, एंजेला सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद थे। सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में मुख्य आरोपी सहित सभी दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *