हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार

बोकारो : राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-23 पर जरीडीह थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के समीप मंगलवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार वनकर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-23 को जाम कर दिया। इससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब चार बजे बहादुरपुर गांव के समीप बाइक और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक की पहचान राजकुमार चक्रवर्ती के रूप में हुई है। वह फुसरो क्षेत्र के तातरी गांव का रहने वाला था और वन विभाग में कर्मी के पद पर कार्यरत था।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आवागमन रोक दिया, जिससे एनएच-23 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर जरीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बाइक का नंबर JH 09 AV 7923 और ट्रक का नंबर WB 51 B 8411 बताया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सड़क जाम हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास जारी है।
Leave a Reply