
बोकारो। ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के परिसंपत्ति प्रबंधक श्री टी.आर. उन्नीकृष्णन नायर 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने 1 अप्रैल 2025 को इस पद का कार्यभार संभाला था। अपने एक वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने परिसंपत्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

श्री नायर के नेतृत्व में हजारीबाग जिले के नॉर्थ करनपुरा ब्लॉक से गैस बिक्री की शुरुआत हुई, जिससे ओएनजीसी को राजस्व प्राप्त हो रहा है तथा राज्य सरकार को रॉयल्टी मिल रही है। वहीं बोकारो जिले के झरिया क्षेत्र में गैस मुद्रीकरण की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई, जिससे जल्द ही यहां से भी गैस बिक्री शुरू होने की उम्मीद है।

सीएसआर के तहत उनके मार्गदर्शन में ग्रामीण विकास, पेयजल, शिक्षा, ग्रीन एनर्जी, महिला एवं किशोरी स्वास्थ्य तथा जल संरक्षण से जुड़ी कई जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया गया। इसके अलावा एससी-एसटी कॉम्पोनेंट प्लान के तहत विभिन्न विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित किए गए तथा आवासीय विद्यालयों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इस बीच 1 जून 2026 को श्री राजीव कुमार सिन्हा ने ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के नए परिसंपत्ति प्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण किया। 35 वर्षों से अधिक के अनुभव वाले श्री सिन्हा ने मुंबई हाई, बी एंड एस एसेट, हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय (डीजीएच), नाजिरा (असम) तथा मेहसाणा में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
ओएनजीसी प्रबंधन को विश्वास है कि श्री सिन्हा के व्यापक तकनीकी एवं प्रबंधकीय अनुभव तथा कुशल नेतृत्व में सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो नई उपलब्धियां हासिल करेगी और देश, राज्य तथा समाज के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।
Leave a Reply