Uncategorized

कसमार चट्टी हरि मंदिर में गूंजा हरिनाम संकीर्तन, लक्ष्मण कुमार नायक हुए शामिल

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

कसमार (बोकारो)। कसमार चट्टी स्थित हरि मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय हरि कीर्तन एवं अखंड हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम में शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत इस धार्मिक आयोजन में बोकारो जिला 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीहरि की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।


कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों, संकीर्तन और हरिनाम जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने संकीर्तन में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर लक्ष्मण कुमार नायक ने कहा कि हरि कीर्तन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भगवान के नाम का स्मरण लोगों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति और नैतिक मूल्यों का संचार करता है।


उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं। हरि मंदिर में आयोजित यह दो दिवसीय संकीर्तन कार्यक्रम समाज को एक सूत्र में बांधने का सराहनीय प्रयास है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, समाजसेवी, मंदिर समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ख़बर आजतक झारखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *