
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल को मंजूरी दी है। इस बदलाव में दो राज्यपालों का तबादला किया गया है, जबकि चार राज्यों में नई नियुक्तियां की गई हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पलामू के पूर्व सांसद ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत सिक्किम के राज्यपाल रहे ओम प्रकाश माथुर को केरलम भेजा गया है। वहीं, केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर अब तमिलनाडु की जिम्मेदारी संभालेंगे। दुष्यंत गौतम को सिक्किम, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक और डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
ब्रज मोहन राम का राजनीतिक सफर
पलामू के पूर्व सांसद ब्रज मोहन राम का राजनीतिक सफर बिहार विधानसभा से लोकसभा तक रहा है। उनका जन्म 1 जनवरी 1958 को तत्कालीन बिहार के पलामू क्षेत्र में हुआ था। उन्होंने 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में कार्य किया। इसके बाद 1996 से 2004 तक पलामू लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। अब उन्हें ओडिशा के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्तियों के अनुसार, सभी नए राज्यपाल अपने-अपने पद का कार्यभार संभालने की तारीख से जिम्मेदारी ग्रहण करेंगे।



