
बोकारो (ख़बर आजतक) : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा बुधवार को बोकारो टाउन हॉल स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन में जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सह कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे थे।

सम्मेलन में उनका पारंपरिक झारखंडी रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी एवं महानगर अध्यक्ष मंटू यादव के नेतृत्व में उन्हें चांदी का मुकुट और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने, जनगणना प्रक्रिया तथा संभावित एसआईआर को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अपने संबोधन में विनोद कुमार पांडे ने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति है और संगठन की सफलता मजबूत बूथ संरचना पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा आम जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो तथा विधायक उमाकांत रजक ने भी संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का आग्रह किया।
सम्मेलन में जिला और महानगर कमेटी के कई पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, युवा एवं महिला मोर्चा के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
Leave a Reply