
रांची: झारखंड चैंबर की कार्यकारिणी समिति की बैठक शनिवार को चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने, भवन नियमितीकरण योजना, स्किल डेवलपमेंट और व्यापारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

चैंबर ने राज्य में निफ्ट की स्थापना के लिए सरकार के प्रयासों का स्वागत किया तथा औद्योगिक क्षेत्रों के तीसरे चरण के दौरे में बोकारो, धनबाद और गिरिडीह जाने की जानकारी दी। वहीं भवन नियमितीकरण योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
महासचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि झारखंड चैंबर जल्द ही झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन के साथ एमओयू करेगा, जिससे उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। बैठक में बालू की कमी, बढ़ती कीमतों, आरा मिलों से जुड़े मुद्दों और विभिन्न जिलों की व्यापारिक समस्याओं पर भी चर्चा हुई। साथ ही पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी को पंजाबी हिंदू बिरादरी का अध्यक्ष चुने जाने पर सम्मानित किया गया।
Leave a Reply