
रांची: आईसीएआर-भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान, रांची में शुक्रवार को ‘खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि इनपुट वितरण कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध इस्तेमाल से बचने और मिट्टी की सेहत बनाए रखने के लिए जैविक खाद व संतुलित पोषक तत्वों के उपयोग की सलाह दी। उन्होंने नियमित मृदा परीक्षण पर भी जोर दिया।
संस्थान के निदेशक डॉ. सुजय रक्षित ने बताया कि अभियान के तहत 5,000 से अधिक किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य है। इसके अंतर्गत झारखंड के पांच जिलों के किसानों को बैटरी चालित स्प्रेयर, सब्जी किट, सरसों, मटर और गेहूं के उन्नत बीज, नैनो यूरिया व नैनो डीएपी उपलब्ध कराए गए हैं। संयुक्त सचिव फ्रैंकलिन एल. खोबुंग ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के प्रचार की जरूरत बताई। कार्यक्रम में 450 से अधिक किसान और महिला किसान शामिल हुए।



