Uncategorized

डीपीएस बोकारो में सजा करियर मेला, उच्चतर शिक्षा के बहुआयामी विकल्पों से अवगत हुए विद्यार्थी

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

सही मार्गदर्शन से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य-निर्माण संभव : प्राचार्य डॉ. गंगवार

बोकारो: 12वीं कक्षा की दहलीज पार करने के बाद विद्यार्थियों के समक्ष उच्चतर शिक्षा और करियर के अनगिनत विकल्पों की सही और सटीक राह चुनने में मदद करने के उद्देश्य से सोमवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो में करियर मेला 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में देश के कोने-कोने से आए 25 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने संस्थानों में उपलब्ध अत्याधुनिक पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति योजनाओं और उनसे जुड़े भविष्य के सुनहरे अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।

एक ही छत के नीचे छात्र-छात्राओं को मेडिकल, इंजीनियरिंग और सिविल सेवाओं के साथ-साथ प्रबंधन, वित्त-वाणिज्य, पत्रकारिता व जनसंचार, विधि, सूचना तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मल्टीमीडिया, विजुअल आर्ट, कृषि-वानिकी, विपणन, डिजाइनिंग और फार्मेसी जैसे उभरते हुए तमाम क्षेत्रों की अद्यतन जानकारी दी गई। एडुकेटर्स इंडिया के सहयोग से आयोजित इस वृहद मेले में रांची, देहरादून, पुणे, अमरावती, नोएडा, विशाखापत्तनम, हैदराबाद, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, नई दिल्ली, मुंबई, जयपुर, रायपुर, कोलकाता, गंगटोक और गुरुग्राम जैसे प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों से आए विश्वविद्यालयों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे, जहां विद्यार्थियों के लिए ऑन-द-स्पॉट आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी।

इसके पूर्व, कार्यक्रम के आरंभ में छात्र-छात्राओं ने सभी प्रमुख आगंतुकों का पौधा भेंटकर स्वागत किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने एजुकेटर्स इंडिया के संस्थापक सह निदेशक सुनील प्रजापति, ग्राफिक ईरा ग्रुप ऑफ इंस्टीच्यूशन्स के उपमहाप्रबंधक (विपणन) विवेक श्रीवास्तव तथा बिरला ग्लोबल यूनिवर्सिटी, ओडिशा के सहायक व्याख्याता डॉ. परिमल कुमार के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्राचार्य डॉ. गंगवार ने विद्यार्थियों के भविष्य-निर्माण में इस प्रकार के करियर मेले को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आज का दौर केवल पारंपरिक शिक्षा का नहीं, बल्कि तीव्र बदलाव और असीम संभावनाओं का युग है। वर्तमान और तीव्र गति से बदलते वैश्विक शैक्षणिक परिदृश्य में विद्यार्थियों का करियर के हर उभरते और पारंपरिक क्षेत्र से अवगत, अपडेट और जागरूक होना बेहद आवश्यक है। सही समय पर सही दिशा और सटीक मार्गदर्शन मिल जाए, तो युवा प्रतिभाएं किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती हैं। इसी उद्देश्य से डीपीएस बोकारो द्वारा इस विशेष जागरूकतापरक करियर मेले का आयोजन किया गया है।

मेला सहयोगी सुनील प्रजापति ने भी बदलते समय की मांग के अनुरूप विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न आधुनिक आयामों से अवगत कराया। उन्होंने इस दिशा में डीपीएस बोकारो की सक्रिय सहभागिता और इसके कुशल प्रयासों को सराहनीय बताया। कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं को सही उम्र में अपने भविष्य की दशा-दिशा तय करने में मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *