
पतरातू: पीवीयूएनएल ने सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत पतरातू क्षेत्र को स्वास्थ्य और जल संरक्षण से जुड़ी सुविधाओं की सौगात दी है। शनिवार को सांसद मनीष जायसवाल और बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी की उपस्थिति में पतरातू प्रखंड को एक एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सौंपी गई। साथ ही जोड़ा तालाब और पांडे तालाब के विकास की पहल की गई।
कार्यक्रम में पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल भी मौजूद रहे। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, दोनों तालाबों के विकास से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
वहीं, अत्याधुनिक जीवन रक्षक सुविधाओं से लैस एएलएस एंबुलेंस से आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी। इससे गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। पीवीयूएनएल ने इसे क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण की दिशा में पहल बताया।



