
तेनुघाट : माननीय सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बोकारो के निर्देश पर शुक्रवार को तेनुघाट उपकारा में जेल अदालत-सह-कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।

प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दिग्विजय नाथ शुक्ला ने बंदियों को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं देते हुए दोनों महापुरुषों के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया। जेल अधीक्षक अरुणाभ ने बंदियों को उनके अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। अधिवक्ता गिरिवर कुमार महतो ने बताया कि आर्थिक रूप से असमर्थ बंदियों को आवेदन देने पर निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। अधिवक्ता सुभाष कटरियार ने दहेज उत्पीड़न कानून की जानकारी दी। शिविर में मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जहां बंदियों की स्वास्थ्य जांच की गई। बंदियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
Leave a Reply