
रांची: आरयू का अंतर-महाविद्यालय युवा महोत्सव ‘बहुरंग-2026’ अब 7 से 9 जनवरी 2027 तक सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची में आयोजित होगा। पहले इसका आयोजन 1 से 3 नवंबर 2026 तक निर्धारित था। विद्यार्थियों की व्यस्त परीक्षा-सारणी और 1 नवंबर को होने वाली जेटेट परीक्षा को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम की तिथियों में बदलाव किया है।
कुलपति प्रो. डॉ. सरोज शर्मा ने विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी महोत्सव में भाग ले सकें और आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो। विश्वविद्यालय ने संशोधित तिथियों की औपचारिक सूचना सेंट जेवियर्स कॉलेज के प्राचार्य को भेज दी है। संबद्ध एवं अंगीभूत महाविद्यालयों को भी नई तिथियों के अनुसार तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
महोत्सव का आयोजन एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगा। विश्वविद्यालय का छात्र कला एवं संस्कृति निदेशालय आयोजन से जुड़ी तकनीकी और अन्य व्यवस्थाओं का समन्वय करेगा।
गौरतलब है कि पूर्वी क्षेत्र युवा महोत्सव 2026-27 का आयोजन फरवरी 2027 में किट यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर में प्रस्तावित है। विश्वविद्यालय को उम्मीद है कि ‘बहुरंग’ में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी अपनी कला, रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।



