पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी, केवीके धनबाद में “कैसी खेती बचाओ अभियान” आयोजित

धनबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के हुगली से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, धनबाद में किसानों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन एवं निधि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

इसके पश्चात कृषि विज्ञान केंद्र, धनबाद में अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक “कैसी खेती बचाओ अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जैव उर्वरकों के प्रयोग तथा एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, धनबाद डॉ. अभिषेक मिश्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि करें तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाएं। साथ ही उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, अनुदानों एवं किसान हित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों के संबंध में भी किसानों को अवगत कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र, धनबाद के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अनिल कुमार ने किसानों को जैव उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि ढैंचा हरी खाद के रूप में मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा रासायनिक उर्वरकों की आवश्यकता कम करने में अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने किसानों को यह भी जानकारी दी कि कृषि विज्ञान केंद्र, धनबाद में इस वर्ष से ढैंचा आधारित प्रदर्शन लगाए जा रहे हैं, जिससे किसान इसके लाभों को प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे और अपनी खेती में अपना सकेंगे।

कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन में डॉ. आदर्श कुमार श्रीवास्तव, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. नंदना कुमारी, श्री रमन कुमार श्रीवास्तव, श्री संजय कुमार एवं श्री देव प्रकाश शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया तथा कृषि से संबंधित विभिन्न विषयों पर वैज्ञानिकों से जानकारी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *