बैंकों के खराब प्रदर्शन पर डीसी सख्त, 15 जुलाई तक मांगी कार्ययोजना

बोकारो : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति (DCC), जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) एवं आरसेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) रेशियो की समीक्षा के दौरान खराब प्रदर्शन पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक सहित कई बैंकों के असंतोषजनक प्रदर्शन पर चिंता व्यक्त करते हुए सुधार के सख्त निर्देश दिए।


उपायुक्त ने कहा कि बैंकों की भूमिका जिले के आर्थिक विकास में अहम है, लेकिन वर्तमान स्थिति निराशाजनक है। उन्होंने छोटे ऋण वितरण पर विशेष जोर देते हुए आम लोगों, किसानों एवं छोटे व्यवसायियों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक बैंक को दो सफल ऋण लाभार्थियों की सक्सेस स्टोरी तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपने को कहा।


मानसून में देरी को देखते हुए खरीफ फसल के लिए 15 जुलाई तक विशेष कृषि ऋण कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में बैंक प्रतिनिधियों की कम भागीदारी पर भी नाराजगी जताई गई और उन्हें जिम्मेदारी के साथ सक्रिय संवाद सुनिश्चित करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *