
रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। नए प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल के झारखंड आगमन के बाद हुई इस बैठक को संगठन की आगामी कार्ययोजना के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में संगठनात्मक विषयों, राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन की ओर से चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश पर विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, सह-प्रभारी सौरभ सिंह व निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास व मधु कोड़ा, केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय व डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, संगठन महामंत्री पवन साय, निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
