राष्ट्रीय युवा महोत्सव की तैयारी में जुटेंगे मांदर के विजेता, रांची विवि का युवा महोत्सव संपन्न

रांची: आरयू का दो दिवसीय पीजी स्तरीय युवा महोत्सव ‘मांदर’ शुक्रवार को छात्रों के राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ संपन्न हो गया। मोरहाबादी परिसर के विभिन्न विभागों में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने कला, संगीत, नृत्य, नाटक, वाद-विवाद, चित्रकला और अन्य विधाओं में प्रतिभा दिखाई।

आर्यभट्ट सभागार में आयोजित समापन समारोह में विजेताओं को मेडल और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने प्रतिभागियों को आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

क्ले मॉडलिंग में तुषार पांडे, हिंदी वाद-विवाद में गुलनजीर अंबर, अंग्रेजी वाद-विवाद और अंग्रेजी वक्तृत्व में आयशा नाज तथा पोस्टर मेकिंग और ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग में प्रीति लकड़ा ने पहला स्थान हासिल किया। फोक ट्राइबल डांस में कुड़ुख विभाग की टीम विजेता रही।

विजेता प्रतिभागी पहले ईस्ट जोन युवा महोत्सव और उसके बाद राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे। आयोजन छात्र कला एवं संस्कृति निदेशालय के नेतृत्व में एआईयू के निर्धारित नियमों के अनुसार हुआ। डॉ. आनंद ठाकुर ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि डॉ. राजकुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में विभिन्न विभागों के निदेशक, शिक्षक और अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *