
रांची: सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि झारखंड के लोगों में जागरूकता यहां की शिक्षा व्यवस्था का परिणाम है। इसका श्रेय शैक्षणिक नेतृत्व कर रहे विद्यालयों के प्राचार्यों को जाता है। वे कांके रोड स्थित कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल में रांची सहोदया कॉम्प्लेक्स की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लक्ष्यों और निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से लागू करने की अपील की। कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि सहोदया कॉम्प्लेक्स के विद्यालय नवाचार और अनुभवों के आदान-प्रदान से शिक्षा को नई दिशा दे रहे हैं।
कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष राजेश पिल्लई ने कहा कि संगठन समग्र विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रयासरत है। इस अवसर पर शर्मा को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे। संचालन डॉ. सुषमा दीक्षित ने किया।



