
गोमिया (बोकारो) : गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत के बिरहोर डंडा और पकरिया गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीण करीब 500 मीटर दूर स्थित डाढ़ी-चुआ से पीने का पानी लाने को मजबूर हैं। बिरहोर डंडा में एकमात्र चापाकल अक्सर खराब रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

ग्रामीण रूपलाल किस्कू, होपना मांझी और दसा राम मांझी ने बताया कि बरसात में डाढ़ी का पानी गंदा हो जाता है, फिर भी मजबूरी में उसी का उपयोग करना पड़ता है। पकरिया के ग्रामीणों ने भी चापाकल खराब होने से रोजाना घंटों पानी लाने की मजबूरी बताई। मुखिया रामबृक्ष मुर्मू ने कहा कि पकरिया का सोलर वाटर प्लांट चालू है, जबकि बिरहोर डंडा में मोटर चार बार जल जाने से समस्या आई है। जल्द नई मोटर लगाकर जलापूर्ति बहाल की जाएगी। ग्रामीणों ने स्थायी समाधान और अतिरिक्त जलमीनार लगाने की मांग की है।
Leave a Reply