
रांची: केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने सोमवार को बुकरू स्थित आवास पर पूर्व उप-मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड के राजनीतिक हालात, जनजातीय कल्याण और राज्य के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान सुदेश महतो ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विचारों से प्रेरित ‘उलगुलान फाउंडेशन’ की गतिविधियों, उद्देश्यों और कार्यशैली की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। जुएल ओराम ने फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में दोनों नेताओं ने जनजातीय समाज के हितों और क्षेत्र के विकास की संभावनाओं पर भी विचार साझा किए। इस अवसर पर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत उपस्थित थे।



