एमएलसी चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के विरोध का आरोप, अनंत सिंह की विधायकी समाप्त करने की अनुशंसा

पटना: जनता दल यूनाइटेड ने मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने शनिवार को आदेश जारी कर दोनों की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी।
पार्टी ने अनंत सिंह पर निर्देशों का अवहेलना, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल और विधान परिषद चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के विरोध में प्रचार करने का आरोप लगाया है। अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट पर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था।
जेडीयू ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को पत्र लिखकर संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा भी की है। हालांकि, निष्कासन से उनकी विधायकी स्वतः समाप्त नहीं हुई है। इस पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।



