Uncategorized

गोविंदपुर चार्ज ने शत-प्रतिशत HLB पूर्ण कर धनबाद जिले का बना पहला सफल चार्ज

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

धनबाद/गोबिंदपुर:- भारत सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘जनगणना 2027’ के अंतर्गत धनबाद जिले के गोविंदपुर चार्ज ने धरातल पर कड़े परिश्रम और उत्कृष्ट तालमेल का परिचय देते हुए जिले में सबसे पहले अपने लक्ष्य को प्राप्त किया है। गोविंदपुर चार्ज के द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत HLB (House Listing Block) पूर्णता हासिल कर ली गई है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गोविंदपुर चार्ज ने कुल 500 से अधिक (500+) HLBs को त्रुटिरहित और पूर्ण रूप से संपन्न कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि चार्ज के प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) द्वारा जमीनी स्तर पर किए गए निरंतर, संयमित और कठोर परिश्रम का परिणाम है।

जिला प्रशासन ने इस कार्य में जुड़े अधिकारियों के नेतृत्व की सराहना की है। यह पूरी प्रक्रिया चार्ज पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी श्री धर्मेंद्र दुबे के कुशल नेतृत्व और सहायक चार्ज पदाधिकारी मोहम्मद जसीम अख्तर के लगातार फील्ड मॉनिटरिंग (अनुश्रवण) व अथक प्रयासों से संभव हो सकी है।

फील्ड ट्रेनर्स (Field Trainers) की रही महत्वपूर्ण भूमिका:

इस अभियान की सफलता की नींव फील्ड ट्रेनर्स द्वारा रखी गई, जिन्होंने सभी पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को उच्च गुणवत्ता का तकनीकी व व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के कारण ही फील्ड स्तर पर डेटा संकलन में शुद्धता और गति सुनिश्चित हो सकी।

जिला जनगणना कार्यालय ने गोविंदपुर चार्ज के सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों, ट्रेनर्स और अधिकारियों को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही, जिला प्रशासन ने संकल्प दोहराया है कि ‘गुणवत्ता, समर्पण और समयबद्धता’ के इसी मूलमंत्र के साथ धनबाद जिले के अन्य सभी चार्ज में भी जनगणना 2027 के लक्ष्य को जल्द से जल्द 100% तक पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *