
रांची: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा रविवार को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में उपाध्यक्ष संजय पांडेय, मानद सचिव सौरभ तिवारी, कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष और संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम समेत प्रबंधन समिति के सदस्य तथा राज्यभर से करीब 400 सदस्य शामिल हुए।
आमसभा में पिछली वार्षिक आमसभा और 25 अगस्त को हुई विशेष आमसभा की कार्यवाही की पुष्टि की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड खातों को सदन ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति वीरेंद्र सिंह को एसोसिएशन का लोकपाल एवं एथिक्स ऑफिसर नामित किया गया।
मानद सचिव सौरभ तिवारी ने वर्षभर खिलाड़ियों और टीमों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेएससीए ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की। आगामी सत्र के लिए पुरुष एवं महिला टीमों के चयनकर्ताओं के नाम भी घोषित किए गए। सदस्यों ने पिछले वर्ष प्रबंधन समिति के विभिन्न निर्णयों की पुष्टि की, जिसमें एसबी सिंह की सदस्यता समाप्त करने का निर्णय भी शामिल है। अंत में उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
Leave a Reply