
बोकारो: डीएवी सेक्टर-4, बोकारो स्टील सिटी में आयोजित दो दिवसीय डीएवी स्पोर्ट्स क्लस्टर-6 ट्रैक एवं फील्ड एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। प्रतियोगिता में विभिन्न डीएवी विद्यालयों के करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ट्रैक एवं फील्ड की सभी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डीएवी सेक्टर-4 ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि डीएवी ढोरी प्रथम रनर-अप रहा। समापन समारोह में नेशनल स्पोर्ट्स के स्टेट लेवल के लिए चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

मुख्य अतिथि बीएसएल के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सही प्रशिक्षण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्राचार्य एवं क्लस्टर हेड एस.के. मिश्रा ने कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विभिन्न डीएवी विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, प्रशिक्षक, निर्णायक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी गई।
Leave a Reply