Uncategorized

डीपीएस बोकारो ने जीता बेस्ट स्कूल डेलिगेशन का पुरस्कार

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

विद्यार्थियों ने अपने वैश्विक ज्ञान और कूटनीतिक कौशल से किया प्रभावित

बोकारो :  दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की ओर से आयोजित दो-दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशन्स (एमयूएन) कॉन्फ्रेंस अग्रणी के द्वितीय संस्करण का समापन रविवार देरशाम पुरस्कार वितरण के साथ हो गया। विभिन्न कमेटियों में अलग-अलग पोर्टफोलियो के रूप में शामिल वैश्विक प्रतिनिधि की भूमिका निभाने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने अलग-अलग श्रेणियों में उन्हें पुरस्कृत कर उन्हें प्रोत्साहित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मेलन में बोकारो सहित झारखंड के विभिन्न जिलों एवं अन्य राज्यों से आए कई विद्यालयों के लगभग 250 विद्यार्थियों ने विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय समितियों में बतौर प्रतिनिधि हिस्सा लिया। उन्होंने वैश्विक सौहार्द, समृद्धि और शांति से संबंधित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर अलग-अलग सत्रों में चर्चा की। न केवल चर्चा की, बल्कि समस्याओं के समाधानोन्मुखी बिंदुओं पर भी गहन मंथन कर उन्होंने अपने ग्लोबल ज्ञान और अद्भुत कूटनीतिक कौशल से सभी को प्रभावित किया।

सम्मेलन के तहत सभी गतिविधियों में समेकित प्रदर्शन, पुरस्कार एवं प्रतिभागिता के आधार पर डीपीएस बोकारो ने बेस्ट स्कूल डेलिगेशन का खिताब जीता। जबकि, डीपीएस पाकुड़ की टीम को बेस्ट ओरेटरी टीम का पुरस्कार मिला। इधर, समितिवार पुरस्कारों के तहत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में डीपीएस बोकारो की दिव्याशा वत्स ने अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति से बेस्ट डेलिगेट (सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि) का खिताब अपने नाम किया। वहीं डीपीएस धनबाद के ईशान कुमार राय को हाई कमेंडेशन (उच्च प्रशंसा) पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अलावा चिन्मय विद्यालय के प्रियांशु पांडे को स्पेशल मेंशन (विशेष उल्लेख) तथा असेंबली ऑफ गॉड चर्च स्कूल (एजीसीएस) पुरुलिया के शुभजीत पाल, पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया की अनन्या सिंह एवं डीपीएस बोकारो के अनिमेष कुमार व तेजस पाठक को वर्बल मेंशन (मौखिक उल्लेख) का सम्मान प्राप्त हुआ। संयुक्त राष्ट्र महिला स्थिति आयोग (यूएनसीएसडब्ल्यू) में डीपीएस चास के सक्षम सिंह ने बेस्ट डेलिगेट, डीपीएस बोकारो की शांभवी ने हाई कमेंडेशन तथा डीपीएस धनबाद की प्रज्ञा कुमारी मे स्पेशल मेंशन पुरस्कार जीता। इसके अतिरिक्त डीपीएस बोकारो के सुवर्ण अग्रवाल और एजीसीएस की श्रेष्ठा चटर्जी व सायंतिका खान को वर्बल मेंशन से नवाजा गया। मॉडल लोकसभा समिति में चिन्मय विद्यालय की मन्नत छाबड़ा ने बेस्ट डेलिगेट, डीपीएस बोकारो की ख्याति रंजन और डीपीएस चास के आलोक शर्मा ने संयुक्त रूप से हाई कमेंडेशन का सम्मान अर्जित किया। स्पेशल मेंशन की श्रेणी में डीपीएस बोकारो की सृष्टि मिश्रा और सेंट जेवियर्स की सान्वी सुमन को पुरस्कृत किया गया। वहीं डीपीएस बोकारो के नीतीश कुमार व कुमारी दिव्यदर्शिनी तथा बोकारो पब्लिक स्कूल की कनिष्का प्रिया ने वर्बल मेंशन हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। आईपीएल कमेटी में श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, बोकारो के दीपेश कुमार ने बेस्ट डेलिगेट, डीपीएस बोकारो के श्रेयांश सिंह गौतम ने हाई कमेंडेशन, इसी स्कूल के साहिल केसरी ने स्पेशल मेंशन जीता। बेस्ट टीम का खिताब गुजरात टाइटंस की टीम ने जीता, जिसमें डीपीएस बोकारो के हर्ष सोमानी, वार्षिक राज और सक्षम अग्रवाल शामिल थे। इंटरनेशनल प्रेस (आईपी) प्रभाग में कैरिकेचरिस्ट (व्यंग्य चित्रकार) श्रेणी में डीपीएस चास के अमन महतो, फोटोग्राफर श्रेणी में डीपीएस रांची की सिद्धिका सिन्हा तथा रिपोर्टर श्रेणी में डीपीएस बोकारो के ईशांत कुमार साव को स्पेशल मेंशन पुरस्कार से नवाजा गया। पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया के अरमान प्रेम को बेस्ट कैरिकेचरिस्ट, डीपीएस धनबाद की समृद्धि प्रधान को बेस्ट फोटोग्राफर एवं पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया की नंदिनी सिन्हा को बेस्ट रिपोर्टर का प्रतिष्ठित खिताब प्रदान किया गया।

*आज के युवा ही कल के चेंजमेकर्स : प्राचार्य डॉ. गंगवार*
समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत करने के बाद अपने संबोधन में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने सफल आयोजन पर बधाई देते युवाओं की कुशल सहभागिता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न समितियों के माध्यम से उनके विचार रखने और उनके भीतर भविष्य के आत्मविश्वास से भरे व गतिशील नेतृत्व को उभरते देखना अत्यंत सुखद है। प्राचार्य ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि इस बार शामिल की गई नई समिति इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मेगा ऑक्शन बच्चों के लिए बेहद खास रही, जिससे उन्हें कारपोरेट रणनीति, वित्तीय निर्णय लेने की कला और खेल प्रबंधन को करीब से समझने का अनूठा अवसर मिला। बीआईटी मेसरा के अनुभवी एग्जीक्यूटिव बोर्ड सदस्यों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे बच्चों ने वैश्विक भू-राजनीतिक मुद्दों पर समाधान-परक दृष्टिकोण अपनाना सीखा। वास्तव में आज के ये युवा प्रतिनिधि ही कल के वर्ल्ड चेंजमेकर्स बनेंगे। इस दिशा में ऐसे आयोजन काफी अहम हैं। उन्होंने अगले शैक्षणिक सत्र में अग्रणी 3.0 के और वृहत आयोजन को लेकर टीम की ओर से अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *