
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनकी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन मंगलवार को स्मार्ट सिटी, रांची स्थित आवास पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम एवं ब्रह्मभोज में शामिल होकर शोक संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। विधायक कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत तृषा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों एवं उपस्थित लोगों ने भी तृषा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। गौरतलब है कि तृषा सिंह का निधन सड़क दुर्घटना में हुआ था। परिवार और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
