
रांची: झारखंड भाजपा ने सरकारी अस्पतालों में दवा खरीद में कथित अनियमितता को लेकर हेमंत सरकार और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधा है। प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने आरोप लगाया कि बिहार, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की तुलना में झारखंड में कई दवाइयां अधिक कीमत पर खरीदी जा रही हैं।

उन्होंने एमोक्सिसिलिन 500 mg का उदाहरण देते हुए दावा किया कि बिहार में इसकी खरीद करीब 1.15 रुपये, जबकि झारखंड में करीब 3.50 रुपये की दर से हो रही है। ओआरएस की कीमत को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। साह ने 11 सदर अस्पतालों के टेंडर में कथित अनियमितता और बाजार दर से अधिक कीमत पर खरीद के आरोपों की जांच की मांग की। उन्होंने एम्बुलेंस व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और एक्सपायर्ड दवाओं के मामलों का भी उल्लेख किया। साह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े आरोपों की राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
