Uncategorized

मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा का कांग्रेस मुख्यालय घेराव

Khaberaajtak@gmail.com1 min read

आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी ने की सार्वजनिक माफी की मांग

रांची: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने सोमवार को रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की।

जिला स्कूल परिसर से जुलूस निकालकर कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। वहां बैरिकेडिंग के पास प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और प्रशासन के बीच हल्की नोकझोंक हुई। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष से सार्वजनिक माफी की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने टिप्पणी को राजनीतिक मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए कहा कि नीतियों की आलोचना लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन किसी के दिवंगत परिजन को निशाना बनाना अनुचित है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बीच भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस पर व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लेने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में रबींद्र राय, दीपक प्रकाश, अमर बाउरी और विभिन्न जिला इकाइयों के पदाधिकारी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *