प्रदेश कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव पारित, पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण पर रघुवर दास ने उठाई मांग

रांची: भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शनिवार को ‘विश्व पटल पर उभरता भारत : सेवा एवं नेतृत्व के 25 वर्ष’ शीर्षक राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जबकि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और सांसद विद्युतवरण महतो ने इसका अनुमोदन किया।

प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण का महत्वपूर्ण अध्याय बताते हुए विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर जोर दिया गया। इसमें महिला सशक्तिकरण, जनजातीय गौरव, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ झारखंड में एम्स, सड़क एवं रेल नेटवर्क के विस्तार का उल्लेख किया गया। साथ ही हेमंत सोरेन सरकार पर विकास और संसाधनों के उपयोग को लेकर निशाना साधा गया।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पंचायत चुनाव में पिछड़ा वर्ग का आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए ट्रिपल टेस्ट कराने की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार से पिछड़ा आयोग को प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश देने का आग्रह किया।
तीसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने सोशल मीडिया पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जिला और मंडल स्तर के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की।



