
रांची: ग्रामीण विकास और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से अर्पिता महिला मंडल की ओर से रेंदो गांव में कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सीसीएल के सभी 15 क्षेत्रीय महिला मंडलों की अध्यक्षों एवं सदस्यों ने भाग लिया।
इस दौरान गांव के प्रत्येक परिवार तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से ट्रंक, कंबल, फल, बिस्कुट, भोजन के पैकेट, साड़ियां, सलवार सूट और गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को सहयोग प्रदान किया गया।
वहीं, जैविक खेती के लिए पहचान रखने वाले रेंदो गांव के किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए महिला मंडल ने उनसे जैविक उत्पादों की खरीदारी की। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय किसानों की आजीविका को सहयोग देना और जैविक खेती को बढ़ावा देना था।
अध्यक्षा प्रीति सिंह, उपाध्यक्षों, 15 क्षेत्रीय महिला मंडलों की अध्यक्षों और सदस्यों के सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम संपन्न हुआ। मंडल ने ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



