
धनबाद : डीएवी पब्लिक स्कूल सिंदरी में विद्यालय की ओर से लीगल लिटरेसी क्लब की बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानून, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य द्विवेन्दु त्रिपाठी ने कहा कि कानून की शिक्षा विद्यालय के प्रारंभिक स्तर से ही दी जानी चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने मूल अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए। यदि हम अपने कर्तव्यों को समझकर उन्हें जीवन में अपनाते हैं तो हम अच्छे नागरिक बन सकते हैं। एक जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की सेवा करना ही सबसे बड़ा योगदान है।

उन्होंने कहा कि लीगल लिटरेसी क्लब के माध्यम से कक्षा एक से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को समय-समय पर जिला न्यायालय परिसर का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे न्यायालय की कार्यप्रणाली को समझ सकें। क्लब के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, एंटी रैगिंग कानून, यातायात सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानून, घरेलू हिंसा अधिनियम, दहेज उत्पीड़न, मानवाधिकार, दिव्यांगजनों के अधिकार, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार तथा कैरियर गाइडेंस एवं काउंसलिंग जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में छात्रा पायल कुमारी (कक्षा VI ‘A’) ने हिंदी भाषण तथा छात्रा प्रिया कुमारी (कक्षा VI ‘A’) ने अंग्रेजी भाषण प्रस्तुत कर कानून एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की समन्वयक शिक्षक संदीप कुमार, अनूप कुमार मंडल एवं अमित कुमार महतो और रूपा कुमारी सिंह ने सभी का स्वागत किया।
शिक्षक प्रजेश चौबे ने कहा कि सभी को अपने अधिकारों के साथ-साथ नियम और कानून की जानकारी होनी चाहिए। हमें कानून तोड़ने में नहीं, बल्कि नियम-कानून के पालन में अपनी शान समझनी चाहिए। आज के बच्चे ही कल देश का भविष्य हैं, इसलिए उनमें जिम्मेदारी और जागरूकता का विकास आवश्यक है।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
Leave a Reply