
धनबाद (ख़बर आजतक) : सामाजिक संस्था ‘समर्पण एक नेक पहल’ के मानवीय प्रयासों से आज एक बार फिर एक जरूरतमंद बच्चे को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) के पीडियाट्रिक (बाल रोग) विभाग में ६ वर्षीय मासूम बच्चा श्रेयांस कुमार इलाजरत है। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे के लिए आपातकालीन स्थिति में रक्त की आवश्यकता बताई थी। पीड़ित परिवार रक्त की व्यवस्था के लिए परेशान था।
डोनर कार्ड की मदद से मिला रक्त
मामले की जानकारी मिलते ही संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष दीपेश चौहान के नेतृत्व में तुरंत रक्त उपलब्ध कराने की मुहिम शुरू की गई। संस्था के सक्रिय सदस्य छोटू यादव द्वारा पूर्व में किए गए स्वैच्छिक रक्तदान के आधार पर मिले डोनर कार्ड का उपयोग किया गया। इस डोनर कार्ड के माध्यम से SNMMCH ब्लड बैंक, धनबाद से बच्चे के लिए आवश्यक रक्त तुरंत निर्गत कराया गया और मरीज के परिजनों को सौंपा गया।
मानवता की सेवा ही सर्वोपरि: संस्था
इस मानवीय कार्य पर संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। आपका दिया हुआ एक यूनिट रक्त किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। ‘समर्पण एक नेक पहल’ संस्था लगातार शिक्षा, जनकल्याण और रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। अस्पताल में भर्ती असहाय और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिले, इसके लिए संस्था के सदस्य चौबीसों घंटे तत्पर रहते हैं।
आम जनता से रक्तदान की अपील
इस अवसर पर संस्था ने आम नागरिकों और युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की भावुक अपील की। संस्था के अध्यक्ष ने कहा कि विज्ञान की इतनी तरक्की के बाद भी रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। यह केवल एक इंसान द्वारा दूसरे इंसान को ही दिया जा सकता है। इसलिए आगे आएं और रक्तदान करें, क्योंकि आपके द्वारा किया गया यह छोटा सा प्रयास किसी के बुझते हुए घर के चिराग को रौशन रख सकता है।
Leave a Reply