
रांची: मारवाड़ी कॉलेज में इन्फोसिस फाउंडेशन के सहयोग और लर्नर स्किल्स लिमिटेड के संचालन में चल रहे स्नातक रोजगार क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे और चौथे बैच के विद्यार्थियों के बीच गुरुवार को प्रशिक्षण किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान हुए बदलाव और सीखने के अनुभव की जानकारी ली।
मौके पर प्लेसमेंट सेल के कन्वेनर प्रो. सुभंकर आइच और सहायक समन्वयक अनुभव चक्रवर्ती मौजूद रहे। प्राचार्य ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार के अनुरूप तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर करियर को नई दिशा देने की अपील की।
स्नातक रोजगार क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण के तहत विद्यार्थियों को व्यावसायिक संवाद, ग्राहक सहभागिता, साक्षात्कार की तैयारी, डिजिटल दक्षता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मात्रात्मक अभिरुचि जैसे रोजगारोन्मुख कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार अगले बैच का प्रशिक्षण 23 अक्टूबर से शुरू होगा। इच्छुक विद्यार्थी 12 अक्टूबर को सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक बॉयज सेक्शन के डिजिटल क्लासरूम-2 में GEET प्रशिक्षक प्रिया कुमारी से संपर्क कर नामांकन करा सकते हैं।
