हूल क्रांति दिवस पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित

सिंदरी/बलियापुर : हूल क्रांति दिवस के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया गया। सिंदरी बस्ती स्थित वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर भाजपा नेत्री श्रीमती तारा देवी ने झारखंड प्रदेश के मंत्री सह धनबाद जिला ग्रामीण प्रभारी दिलीप वर्मा के साथ माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, नगर अध्यक्ष संजू महतो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


वहीं बिरसा समिति, सिंदरी कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विधायक चन्द्रदेव महतो शामिल हुए। उन्होंने सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो एवं भगवान बिरसा मुंडा सहित सभी जनजातीय वीरों को नमन करते हुए कहा कि हूल क्रांति अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष की अमर गाथा है।


बलियापुर के दाड़दाहा में भी शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किए गए और शहीदों के सम्मान में नारे लगाए गए। प्रखंड उप प्रमुख आशा देवी ने कहा कि 1855 का संथाल विद्रोह आदिवासी स्वाभिमान का प्रतीक है, जिसने अंग्रेजी शासन की नींव हिला दी थी।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर वीर शहीदों को नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *