एनीकॉन 2026 का आगाज, दर्द प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों पर हुआ मंथन

100 से अधिक चिकित्सकों ने कार्यशाला में लिया हिस्सा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया उद्घाटन

रांची: एसोसिएशन ऑफ न्यूरोसाइंटिस्ट्स ऑफ ईस्टर्न इंडिया का वार्षिक सम्मेलन एनीकॉन 2026 शुक्रवार को होटल चाणक्य बीएनआर में शुरू हुआ। झारखंड न्यूरोसाइंसेज सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन डॉ. आर. प्रसाद मेमोरियल पेन इंटरवेंशन वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें 100 से अधिक चिकित्सकों ने भाग लिया।

कार्यशाला में दर्द प्रबंधन, न्यूरो-पैलिएटिव केयर और रीढ़ से संबंधित बीमारियों के आधुनिक उपचार पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने सजीव प्रदर्शन के माध्यम से चिकित्सकों को उन्नत निदान और न्यूनतम चीर-फाड़ वाली उपचार तकनीकों की जानकारी दी।

शाम को सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने किया। उन्होंने झारखंड में बेहतर चिकित्सा शिक्षा, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के विकास में ऐसे आयोजनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

इस वर्ष सम्मेलन का विषय ‘न्यूरल ब्रिजेस: कनेक्टिंग डिस्कवरी, डायग्नोस्टिक्स एंड थेरेप्यूटिक्स’ रखा गया है। आयोजन अध्यक्ष प्रो. डॉ. अनिल कुमार, डॉ. संजय कुमार तथा आयोजन सचिव डॉ. उज्ज्वल रॉय और डॉ. विराट हर्ष ने बताया कि अगले दो दिनों में न्यूरोलॉजी एवं न्यूरोसर्जरी पर विशेषज्ञ व्याख्यान, शोध प्रस्तुतियां और तकनीकी सत्र आयोजित होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य आधुनिक शोध और उपचार तकनीकों के जरिए मरीजों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *