एसबीयू के छात्रों का नवाचार और एआई में परचम, दो राष्ट्रीय उपलब्धियां

रांची: एसबीयू के विद्यार्थियों ने नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में अपनी तकनीकी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विद्यार्थियों ने एक ओर आईसीसीआई-2026 में ‘ई-फॉग कलेक्टर’ प्रोजेक्ट के लिए द्वितीय पुरस्कार हासिल किया, वहीं दूसरी ओर बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की टीम ‘कैफीन कोड’ ने आईबीएम राष्ट्रीय हैकाथॉन-2026 के पूर्वी क्षेत्र में विजेता का खिताब अपने नाम किया।

बीआईटी मेसरा के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग की ओर से आयोजित आईसीसीआई-2026 में निखिल शर्मा, आयुष राज और आयुष कुमार सुमन की टीम ने आयनिक पवन तकनीक पर आधारित ‘ई-फॉग कलेक्टर’ प्रस्तुत किया। यह तकनीक कोहरे से जल संग्रहण और जल संरक्षण की दिशा में काम करती है। टीम का मार्गदर्शन डॉ. अविनाश कुमार ने किया।

इधर, 11 से 13 सितंबर तक कोयंबटूर में आयोजित आईबीएम राष्ट्रीय हैकाथॉन में रिया कुमारी, रिसु कुमारी, शानवी अग्रवाल और अमन कुमार की टीम ने ‘बेहतर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ विषय पर ‘ग्रामस्वास्थ्य एआई’ विकसित किया। टीम ने पूर्वी क्षेत्र में विजेता बनकर एसबीयू का नाम रोशन किया। टीम का मार्गदर्शन डॉ. मनोज पांडेय ने किया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों और मार्गदर्शकों को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *