
रांची: छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने घाटों की साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों के साथ अरगोड़ा तालाब, बटन तालाब (डोरंडा), स्वर्णरेखा नदी घाट (नामकुम) और तिरिल तालाब (कोकर) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई, जल गुणवत्ता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और संपर्क मार्गों की स्थिति की समीक्षा की।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सभी घाटों पर अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात करने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। स्वर्णरेखा घाट की सफाई दो पोकलेन मशीनों से कराने तथा तालाबों में फिटकरी, ई-बॉल और ब्लीचिंग पाउडर के उपयोग को कहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और स्ट्रीट डॉग रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। घाटों पर अवैध कब्जे और बुकिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।



