जनजातीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो : आशा लकड़ा

रांची: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने सोमवार को बेड़ो प्रखंड कार्यालय में आयोजित जनजातीय संवाद में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जनजातीय समाज से जुड़े मामलों का समयबद्ध और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

संवाद में जनजातीय भूमि, भूमि हस्तांतरण, विवाद और सीएनटी एक्ट के प्रावधानों के अनुपालन का मुद्दा प्रमुखता से उठा। डॉ. लकड़ा ने लंबित मामलों की नियमानुसार जांच कर कार्रवाई करने को कहा। ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आंगनबाड़ी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सरना एवं मसना स्थलों के निर्माण और संरक्षण से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। डॉ. लकड़ा ने कहा कि जनजातीय समाज की समस्याओं को केवल सुनना पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करना आवश्यक है। संवाद में प्रखंड प्रमुख वीनिता कच्छप, सीओ राजकुवर सिंह सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *