
रांची: दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेल टाउनशिप में रविवार को स्कॉलर बैज सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 192 मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में एसीबी की एडीजी प्रिया दुबे, देवकमल अस्पताल के सीईओ डॉ. अनंत सिन्हा और झारखंड सरकार के सचिव अबू इमरान उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को लगातार दो से आठ वर्षों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में स्कॉलर बैज, ब्लू टाई और ब्लू ब्लेजर प्रदान किए गए। प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
प्रिया दुबे ने विद्यार्थियों को ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं, अतिथियों ने निरंतर सीखने, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ।



