दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग से दहला सेक्टर-4, मेडिकल के बाहर महिला को बनाया निशाना

बोकारो (ख़बर आजतक) : सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट में दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मयूर मेडिकल के सामने इलाज के लिए पहुंचे एक दंपती को बाइक सवार दो अपराधियों ने निशाना बनाते हुए महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, गोमिया थाना क्षेत्र के स्वांग निवासी संजय कुमार सिन्हा अपनी पत्नी कनक लता सिन्हा के साथ सोमवार सुबह करीब 11:15 बजे बेटे के इलाज के सिलसिले में लक्ष्मी मार्केट पहुंचे थे। दोनों मयूर मेडिकल के बाहर खड़े थे, तभी अचानक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला की चेन छीन ली और दोनों तेज रफ्तार से बीएसएल की ओर भाग निकले।

घटना के बाद पीड़ित ने कुछ दूर तक अपराधियों का पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। शिकायत में बताया गया है कि एक बदमाश ने सफेद टोपी और स्काई ब्लू रंग की शर्ट पहन रखी थी, जो पहचान में अहम सुराग हो सकता है।

सूचना मिलते ही सेक्टर-4 थाना पुलिस हरकत में आई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *