पत्रकार सुरक्षा, बीमा और पेंशन की मांग लेकर मंत्री योगेंद्र प्रसाद से मिला पत्रकार संघ

रांची: ऑल इंडिया स्मॉल एंड मिडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन योजना और कल्याणकारी सुविधाओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया और प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने किया।


मुलाकात के दौरान संगठन ने कहा कि छोटे और मझोले समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकार विषम परिस्थितियों में कार्य करते हैं, लेकिन उनके लिए पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसलिए पत्रकार सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना सहायता, पेंशन योजना और पत्रकार कल्याण कोष को प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने संगठन की नवगठित प्रदेश कमेटी को बधाई देते हुए पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने फर्जी पत्रकारों की बढ़ती संख्या पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस पर नियंत्रण के लिए प्रशासन, मीडिया संस्थानों और पत्रकार संगठनों को संयुक्त रूप से प्रयास करना होगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। बैठक में संगठन के कई प्रदेश एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और मंत्री ने मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *