मुहर्रम में सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, अफवाह फैलाने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा : डीसी-एसएसपी

धनबाद : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आदित्य रंजन ने की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने भी उपद्रवियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मुहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि वे सक्रिय भूमिका निभाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
बैठक में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। शांति समिति के सदस्यों ने डीजे पर प्रतिबंध, खतरनाक करतबों पर रोक, जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने, अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई तथा पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने समेत कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रशासन ने सभी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *