
गैस एजेंसी पर होम डिलीवरी के नाम पर अतिरिक्त पैसे लेने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
रंजन वर्मा | कसमार
कसमार : वार्ड सदस्य सेवा देवी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी और वे कथित धमकियों से डरकर जनहित के मुद्दों को उठाना बंद नहीं करेंगी। उन्होंने गरीबों और कमजोर वर्ग के लोगों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
सेवा देवी ने आरोप लगाया कि गैस वितरण से जुड़ी समस्याएं उठाने पर संबंधित गैस एजेंसी के मैनेजर गोस्वामी की ओर से केस और मानहानि का मुकदमा करने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि जनहित के सवालों का जवाब धमकी से नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान से दिया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम गैस मिलने की शिकायतें हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में होम डिलीवरी के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूलने का भी आरोप लगाया गया है।
सेवा देवी ने संबंधित विभाग और प्रशासन से गैस की निर्धारित मात्रा, होम डिलीवरी शुल्क तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अनियमितता प्रमाणित होने पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों के हक और जनहित के मुद्दों पर उनकी आवाज आगे भी बुलंद रहेगी।



